✍️ इरशाद खान
उड़ीसा से गांजा लाकर जिले में खपाने वाला मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
बैतूल। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उड़ीसा से गांजा लाकर जिले में सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया।
पहले दो आरोपी हुए थे गिरफ्तार
गौरतलब है कि 26-27 मार्च 2026 को कोतवाली पुलिस ने नेशनल हाईवे स्थित सोना घाटी चौकी के पास कार्रवाई करते हुए एक शेवरले वाहन से गांजा परिवहन करते हुए दो आरोपियों—रामेश्वर विश्वकर्मा और मुकेश जावलकर (निवासी झल्लार) को गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 239/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच में सामने आया मुख्य सप्लायर
विवेचना के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर मुख्य सप्लायर राहुल पिता लच्छू परते, निवासी खापा खाना (झल्लार) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह सब्जी की गाड़ी लेकर उड़ीसा जाता था और वापसी में गांजा लाकर अपने साथियों को सप्लाई करता था।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक उत्तम मस्तकार, उप निरीक्षक बसंत आहके सहित आरक्षक अनिरुद्ध, नितिन चौहान, साइबर सेल के राजेन्द्र धाड़से, दीपेंद्र सिंह एवं बलराम राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। समाज को नशामुक्त बनाने में जनसहभागिता आवश्यक है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 या नजदीकी थाना में दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

0 Comments