✍️ बैतूल इरशाद खान
सूने मकानों में चोरी करने वाली तीन महिला चोर गिरफ्तार, चोरी गया माल बरामद
बैतूल थाना कोतवाली पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाली तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया माल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बैतूल सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
दिनांक 03 नवंबर 2025 को फरियादी भवानी प्रसाद मालवीय (67), निवासी वार्ड क्रमांक 10 कृष्णपुरा टिकारी, बैतूल ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके सूने मकान से 25 अक्टूबर से 1 नवंबर 2025 के बीच अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के, 43 इंच एलजी कंपनी का टीवी सहित घरेलू सामान चोरी कर लिया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1040/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
तीन महिला आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस ने ओझाढाना व गंज बैतूल क्षेत्र की संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ की, जिसमें तीन महिला आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों में—
ग्रेशी उर्फ निशा (23), पति राकेश उर्फ लस्सी आहके
संजना उर्फ नागिन (21), पिता जय धुर्वे
सुनिता उर्फ टकली (35), पति योगेश धुर्वे
(तीनों निवासी— आबकारी कार्यालय के पीछे, ओझाढाना, गंज बैतूल) शामिल हैं।
आरोपियों ने बताया कि कबाड़ बीनने के दौरान टिकारी क्षेत्र में एक मकान कई दिनों से बंद देखा गया, जिसके बाद 31 अक्टूबर 2025 की रात ताला तोड़कर चोरी की गई।
चोरी का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एलजी कंपनी की एलईडी टीवी, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, मिक्सी, कुकर, पीतल व तांबे के बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी कर उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक बसंत आहके, उपनिरीक्षक छत्रपाल धुर्वे, प्रधान आरक्षक शिवकुमार, तरुण पटेल, महिला प्रधान आरक्षक ललिता इवने, आरक्षक उज्जवल दुबे एवं निर्भया टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ते समय नजदीकी थाना एवं पड़ोसियों को सूचित करें तथा पुलिस द्वारा रात्रि गश्त और निगरानी को और अधिक सख्त किया जा रहा है।

0 Comments