बैतूल इरशाद खान
बैतूल जिले के लिए शर्मसार कर देने वाला मामला बेटियां नहीं रही सुरक्षित
स्कूल की सुरक्षा में ही मासूम की अस्मत पर हमला!
KG-2 की बालिका के साथ सुरक्षा गार्ड ने किया घिनौना कृत्य; परिजनों की शिकायत पर FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
बैतूल (तलाश खबरों की )। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निजी स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब KG-2 में पढ़ने वाली मासूम बालिका के साथ स्कूल के ही सुरक्षा गार्ड द्वारा कथित रूप से घिनौना कृत्य किए जाने का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया, वहीं मामले के उजागर होने के बाद स्कूल प्रबंधन में भी खलबली मची हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरक्षा गार्ड ने कथित तौर पर स्कूल परिसर में ही मासूम बालिका को अपनी हैवानियत का शिकार बनाया। घटना की जानकारी परिजनों को होने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा बालिका की मेडिकल लीगल जांच (MLC) भी कराई गई है। फिलहाल बालिका की हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी घटना स्थल वाले क्षेत्र का ही निवासी बताया जा रहा है।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
मासूमों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाती है, लेकिन इसी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े व्यक्ति पर इतने गंभीर आरोप लगना कई सवाल खड़े करता है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों और आम लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है।
मासूमों की सुरक्षा आखिर कितनी सुरक्षित?
बैतूल में नाबालिग बालिकाओं से जुड़े अपराधों के मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। ऐसे में स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर मासूम के साथ कथित दुष्कृत्य का मामला बालिकाओं की सुरक्षा और शैक्षणिक संस्थानों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।
फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
(कानूनी प्रावधानों के तहत मासूम बालिका की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी गई है।)

0 Comments