✍️ इरशाद खान
बैतूल में गहराया जल संकट, पांच दिनों से नलों में नहीं आया पानी
फायर वाहन से डिवाइडर धोने पर भड़के नगरवासी
बोले — जनता प्यास से परेशान और नपा कर रही पानी की बर्बादीबैतूल। मई माह की भीषण गर्मी के बीच शहर में जल संकट लगातार गहराता जा रहा है। नगर के कई क्षेत्रों में पिछले पांच दिनों से नलों में पानी नहीं आने से आमजन परेशान हैं। लगातार गिरते भूजल स्तर, सूखते नदी-नाले और जवाब देते बोरवेलों ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। कई मोहल्लों में लोग पीने के पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं।
एक ओर जहां शहरवासी पानी की एक-एक बूंद के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका की कार्यशैली लोगों के आक्रोश का कारण बन गई है। नगर पालिका द्वारा फायर वाहन से सड़कों के डिवाइडर धोए जाने का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि जब शहर में जल संकट चरम पर है, तब इस तरह पानी बहाना पूरी तरह गैरजिम्मेदाराना रवैया है।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि कई क्षेत्रों में टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं की गई है। मजबूरी में लोग निजी टैंकरों और अन्य स्रोतों से महंगे दामों पर पानी खरीद रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दूर तक जाकर पानी भरना पड़ रहा है। गर्मी के इस मौसम में हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं।
नगरवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि जल संकट को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी पर रोक लगाई जाए। लोगों का कहना है कि नगर पालिका को पहले नागरिकों की मूलभूत जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए, उसके बाद सौंदर्यीकरण और सफाई जैसे कार्य किए जाएं।
शहरवासियों का कहना है कि “एक तरफ बैतूल की जनता प्यास से तड़प रही है और दूसरी तरफ नगर पालिका को डिवाइडर धोने की चिंता है।” जल संकट को लेकर लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

0 Comments