✍️ इरशाद खान
बैतूल गंज में हनुमान जयंती पर भव्य स्वागत की तैयारी, सर्व धर्म एकता की दिखेगी मिसाल
बैतूल। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर बैतूल गंज क्षेत्र में भव्य स्वागत कार्यक्रम की जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। इस आयोजन में बैतूल जिले के सभी सम्माननीय भक्तजन एवं नागरिकों का गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा।
यह कार्यक्रम होटल इंडियन ईरानी चाय के सामने सर्व समाज के जागरूक नागरिकों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि सर्व धर्म एकता और आपसी भाईचारे की एक प्रेरणादायक मिसाल भी प्रस्तुत करेगा।
हनुमान जयंती के अवसर पर शहर में निकलने वाली भव्य रैली का जगह-जगह स्टॉल लगाकर स्वागत किया जाएगा। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान सहित अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
आयोजकों ने बताया कि इस विशेष अवसर पर हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोग एक साथ मिलकर “सब धर्म, सब भाई-भाई” के संदेश को साकार करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर शहर के विभिन्न वार्डों से निकलने वाली झांकियों, अखाड़ों के पदाधिकारियों एवं आयोजकों का भव्य इस्तकबाल किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर उपस्थित होकर इस धार्मिक एवं सामाजिक उत्सव को सफल बनाएं और भाईचारे, सौहार्द एवं एकता का संदेश पूरे समाज में फैलाएं।

0 Comments