✍️ इरशाद खान
सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता से बनती है पहचान — DGP कैलाश मकवाणा ने दिया प्रेरक संदेश
भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित पुलिस ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (PTRI) में मध्यप्रदेश पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा 23वां विशिष्ट सदस्य सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा उपस्थित रहे।
समारोह में 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों — नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, राजन सिंह, राम कुमार वर्मा एवं शरदचंद्र दुबे — को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों ने पुष्पमालाओं एवं सम्मान चिह्न भेंट कर उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में DGP श्री मकवाणा ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पण का भाव है। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस बल ने उल्लेखनीय कार्य किया है, जो समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है।
उन्होंने आधुनिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के लिए लागू किए गए नवाचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। Dial-112, E-Office, EHRMS, E-Zero FIR, Safe Click जैसी सुविधाओं के माध्यम से आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के जरिए युवाओं को जागरूक करने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
DGP ने पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को महत्वपूर्ण बताते हुए हार्टफुलनेस के माध्यम से साप्ताहिक मेडिटेशन की पहल का उल्लेख किया और इसे तनावमुक्त जीवन के लिए उपयोगी बताया।
इस अवसर पर “सात्विक” पत्रिका का विमोचन भी किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुभवों और विचारों को साझा किया गया है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव सभी के लिए प्रेरणादायक रहे।
समारोह के अंत में यह संदेश दिया गया कि सेवा के दौरान किया गया उत्कृष्ट कार्य ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान बनता है और यही विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनती है।
#MPPolice #DGPMP



0 Comments