✍️ बैतूल इरशाद खान
01 करोड़ 93 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाला 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
बैतूल ऑनलाइन निवेश के नाम पर 01 करोड़ 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को बैतूल बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना बैतूल बाजार पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 09 फरवरी 2025 को फरियादी कुलदीप राठौर निवासी भग्गूढाना गंज, बैतूल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मिलन राठौर निवासी बडोरा सहित अन्य आरोपियों द्वारा ऑनलाइन “रोबोट्रेड” एप्लीकेशन के माध्यम से उससे 01 करोड़ 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
मामले में थाना बैतूल बाजार में अपराध क्रमांक 59/25 धारा 420, 409, 467, 471 भादवि एवं धारा 66(D) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी मिलन राठौर घटना के बाद से फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार प्रयासों के बाद दिनांक 09 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। रिमांड अवधि पूर्ण होने के पश्चात आरोपी को जिला जेल बैतूल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना धुर्वे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को साइबर एवं ऑनलाइन निवेश से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा आमजन को ऑनलाइन ठगी से सतर्क करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात निवेश योजना या अधिक लाभ के लालच में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

0 Comments