✍️ बैतूल इरशाद खान
*आपातकालीन वाहनों के मार्ग में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण हटाएं,कलेक्टर-एसपी ने वार्डो का किया निरीक्षण*
बैतूल 09 फरवरी,2026/आपात स्थिति में एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने सोमवार को बैतूल नगर के तिलक, आजाद तथा आर्यपुरा वार्ड का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने राजस्व, पुलिस एवं नगर पालिका के अमले के साथ वार्डों का पैदल भ्रमण कर मार्गों की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान आपातकालीन वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध निर्माण, मार्ग पर स्थापित हैंडपंप, बिजली के पोल, खुली नालियां एवं अतिक्रमण का मौके पर अवलोकन किया गया।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने नगर पालिका के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क की चौड़ाई को प्रभावित करने वाले सभी अवैध निर्माण शीघ्र हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि मार्गों पर लगे हैंडपंप एवं विद्युत पोल को सुव्यवस्थित करते हुए आवश्यकतानुसार शिफ्ट किया जाए, ताकि किसी भी स्थिति में आपातकालीन सेवाओं को विलंब न हो। साथ ही खुली नालियों को सुरक्षित रूप से मजबूती से ढंकने के निर्देश दिए गए, जिससे वाहनों का आवागमन बाधित न हो।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने संबंधित वार्डों में संचालित दुकानों के संचालकों को भी समझाइश देने के निर्देश दिए कि वे दुकान का सामान सड़क या मार्ग पर न रखें। उन्होंने कहा कि मार्गो पर अतिक्रमण न केवल यातायात में बाधा बनता है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल के लिए भी खतरा उत्पन्न करता है।
वो।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी बैतूल श्री सुनील लाटा, तहसीलदार श्रीमती पूनम साहु, सहायक यंत्री नगर पालिका श्री नीरज धुर्वे, थाना प्रभारी कोतवाली देवकरण डहरिया गंज थाना नीरज पाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments