अंधे कत्ल का खुलासा: सावंगी नदी पुलिया से फेंके गए युवक की हत्या का पर्दाफाश, पिता–पुत्र गिरफ्तार

 ✍️ बैतूल इरशाद खान 

अंधे कत्ल का खुलासा: सावंगी नदी पुलिया से फेंके गए युवक की हत्या का पर्दाफाश, पिता–पुत्र गिरफ्तार






बैतूल।

थाना आठनेर क्षेत्र अंतर्गत सावंगी नदी की मांडवी पुलिया के नीचे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के आरोप में पिता–पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी भैंसदेही श्री भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।


दिनांक 20 जनवरी 2026 को बैतूल रोड स्थित सावंगी नदी मांडवी पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी आठनेर निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। बाद में मृतक की पहचान राजेश आज़ाद के रूप में हुई। परिजनों की सूचना पर मर्ग क्रमांक 05/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी एवं सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी एवं तकनीकी परीक्षण किए गए। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के कथनों के आधार पर थाना आठनेर में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

विवेचना में सामने आया कि 19-20 जनवरी की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे राजेश आज़ाद का नारायण खंडाइट एवं उसके पुत्र ओम खंडाइट से विवाद हुआ। विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने राजेश के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर मांडवी जोड़ पुलिया ले जाया गया और हत्या की नीयत से पुलिया से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

संदेह के आधार पर मांडवी निवासी

नारायण खंडाइट पिता आत्माराम खंडाइट (55 वर्ष)

ओम खंडाइट पिता नारायण खंडाइट (27 वर्ष)

को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा एवं बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जप्त की गई। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इस अंधे कत्ल के त्वरित खुलासे पर पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने थाना आठनेर पुलिस टीम की सराहना की। इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, निरीक्षक आबिद अंसारी, उप निरीक्षक मंगीलाल ठाकरे, उप निरीक्षक नितिन उईके, उप निरीक्षक छत्रपाल धुर्वे, प्रधान आरक्षक नर्मदा सिंह पवार, सुभाष माकोड़े, डॉग मास्टर विवेक गाडगे, आरक्षक मनीष पटेल, विप्लव गिरासे, अजय यादव एवं साइबर सेल बैतूल की भूमिका सराहनीय रही।

Post a Comment

0 Comments