जंगलीपीर बाबा की दरगाह की दान पेटी तोड़कर 25 हजार ले उड़े चोर
✍️ बैतूल इरशाद खान
स्वतंत्र किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अयाज खान ने थाना आठनेर प्रभारी से की शिकायत
बैतूल। आठनेर तहसील में जंगलीपीर बाबा की दरगाह में लगी दान पेटी अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोमवार को स्वतंत्र किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अयाज खान ने थाना आठनेर प्रभारी को लिखित शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में अयाज खान ने बताया कि ग्राम पंचायत बरखेड़ के दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित जंगलीपीर बाबा की दरगाह में लोहे की पक्की चादर से बनी दान पेटी लगी हुई है, जो पूरी तरह बंद रहती है और केवल दान डालने के लिए छोटा सा स्थान छोड़ा गया है। अज्ञात चोरों ने 17 जनवरी की रात ग्राइंडर की मदद से दान पेटी को काटकर तोड़ दिया और उसमें रखी दान राशि चुरा ले गए। साथ ही दरगाह के अंदर रखी चादर एवं पूजा सामग्री भी चोरी कर ली गई। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी को दरगाह पहुंचने पर चोरी की घटना का पता चला। दान पेटी में करीब 20 से 25 हजार रुपए होने की संभावना जताई गई है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी 6 से 7 बार इसी प्रकार की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी सूचना थाना आठनेर में दी गई थी, लेकिन आज तक किसी भी मामले में चोरों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


0 Comments