बैतूल के जुआड़ियों का बढ़ता नेटवर्क, झल्लार तक फैलाया जुए का भट्टा!

 ✍️ इरशाद खान 

बैतूल के जुआड़ियों का बढ़ता नेटवर्क, झल्लार तक फैलाया जुए का भट्टा!

हरियाली और शांत वातावरण के लिए पहचाना जाने वाला बैतूल अब धीरे-धीरे जुए के अवैध कारोबार की गिरफ्त में आता दिखाई दे रहा है। कभी गर्मियों की सुकूनभरी छुट्टियों के लिए मशहूर यह जिला अब जुए के अड्डों की चर्चाओं से सुर्खियों में आने लगा है।

सूत्रों के अनुसार बैतूल से जुड़े कुछ कथित जुआ संचालकों ने अब अपना नेटवर्क ग्रामीण क्षेत्रों तक फैला दिया है। चर्चा है कि दीपक गोयल नामक व्यक्ति बैतूल से झल्लार पहुंचकर जुए का बड़ा भट्टा संचालित कर रहा है, जहां देर रात तक लाखों रुपए के दांव लगाए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि झल्लार क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और जुए के इस अवैध कारोबार ने स्थानीय युवाओं को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों में इसको लेकर नाराजगी और चिंता दोनों देखी जा रही है।

वहीं यदि बैतूल जिले के बरसाली क्षेत्र की बात करें, जिसे भारत का केंद्र बिंदु माना जाता है, उसके समीप मलकापुर में रेलवे लाइन किनारे भी बड़े स्तर पर जुआ संचालित होने की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रात के समय संदिग्ध गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है।

हालांकि बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के सख्त निर्देश पर जिलेभर के थानों में जुए और सट्टे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कई स्थानों पर पुलिस ने दबिश देकर जुआरियों को पकड़ा भी है, लेकिन अब जरूरत उन बड़े संचालकों तक पहुंचने की है जो जिले में इस अवैध कारोबार की जड़ बने हुए हैं।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि झल्लार, मलकापुर और रेलवे लाइन किनारे संचालित हो रहे कथित जुए के अड्डों की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बैतूल की पहचान अपराध नहीं बल्कि उसकी प्राकृतिक सुंदरता और शांति से बनी रहे।

Post a Comment

0 Comments