✍️ इरशाद खान
बैतूल मलकापुर में रेलवे पटरी के पास जुए का बड़ा फड़, प्रशासन पर उठे सवाल
बैतूल। मध्य प्रदेश का शांत जिला बैतूल इन दिनों एक गंभीर अवैध गतिविधि को लेकर चर्चा में है। जानकारी के अनुसार भारत का केंद्र बिंदु कहे जाने वाले बरसाली क्षेत्र से लगे मलकापुर गांव के पास रेलवे पटरी के किनारे बड़े स्तर पर जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है। यह स्थान जिले के साथ-साथ पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के जुआरियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक इस जुए के अड्डे पर दूर-दूर से खिलाड़ी पहुंचते हैं, जहां उनके ठहरने, खाने-पीने और अन्य सुविधाओं का भी पूरा इंतजाम किया जाता है। यहां तक कि शराब और आने-जाने की व्यवस्था भी संचालकों द्वारा ही कराई जाती है। बताया जा रहा है कि इस पूरे खेल को संचालित करने वाला व्यक्ति बैतूल का ही निवासी है, हालांकि अब तक उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन द्वारा जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद थाना गंज क्षेत्र में इस तरह खुलेआम बड़े पैमाने पर जुए का संचालन कई सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर जुए का संचालन बिना जानकारी या मिलीभगत के संभव नहीं है। अब सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस को इस पूरे मामले की जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लोगों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जिले में कानून व्यवस्था बनी रहे।
बताया जा रहा है कि इस मामले से जुड़े संचालकों के नाम ओर फोटो अगली खबर में उजागर किए जा सकते हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।


0 Comments