✍️ इरशाद खान
बुधनी (मिसघाट) में हजरत शाहबुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह बाबा का उर्स पाक अकीदत के साथ सम्पन्न
बुधनी। क्षेत्र के मिसघाट स्थित जंगल में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 5 मई को हजरत शाहबुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह बाबा का उर्स पाक बड़े ही अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया गया। उर्स के अवसर पर बाबा के चाहने वाले अकीदतमंदों की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी और दरगाह परिसर में पूरे दिन इबादत, फातिहा और दुआ का सिलसिला चलता रहा।
भोपाल रोड पर बुधनी घाट से लगभग 6 किलोमीटर अंदर घने जंगल में स्थित यह दरगाह श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र मानी जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह दरगाह किसी चमत्कारी स्थान से कम नहीं है। यहां जो भी अकीदतमंद सच्चे दिल से अपनी मन्नत मांगता है, उसकी मुराद जरूर पूरी होती है।
उर्स के मौके पर दरगाह के खादिमों द्वारा व्यवस्थाएं संभाली गईं। वहीं बैतूल से भी बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। विशेष रूप से बैतूल के मोगली बाबा भी अपने मुरीदों के साथ उर्स में शामिल हुए और बाबा की दरगाह पर चादर पेश कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस बार रमजान के पाक महीने में उर्स होने के कारण अकीदतमंदों की भीड़ और भी अधिक देखने को मिली। उर्स के दौरान लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही दरगाह परिसर में आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई, जो घने जंगल के बीच श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।
उर्स के दौरान देर रात तक जायरीन का आना-जाना लगा रहा और सभी ने बाबा की दरगाह पर हाजिरी लगाकर अपनी मुरादें मांगी। क्षेत्र में उर्स को लेकर उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा।

0 Comments