✍️ इरशाद खान
एकतरफा प्यार में उतारा मौत के घाट
झल्लार पुलिस ने किया अंधे हत्याकांड का खुलासा
बैतूल। एकतरफा प्रेम में असफल होने पर युवती की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी को झल्लार पुलिस ने गिरफ्तार कर अंधे हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भैंसदेही श्री भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना झल्लार पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 28 जनवरी 2026 को थाना झल्लार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बासनेर खुर्द निवासी युवती देवी धोटे (पिता राजेश धोटे) की मृत्यु जहरीले पदार्थ के सेवन से हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। मर्ग जांच के दौरान संदिग्ध परिस्थितियाँ सामने आने पर मामले की गहन विवेचना की गई।
संदेह से खुलासा तक
मृतिका के परिजनों ने ग्राम बासनेर खुर्द निवासी राहुल धोटे (पिता साहेबराव धोटे) पर संदेह जताया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल लोकेशन, गवाहों के कथन एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 11/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना में सामने आए तथ्य
जांच में सामने आया कि घटना के दिन मृतिका बकरी चराने गई थी, जो वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान उसका शव ग्राम के ही एक खेत में मिला। शव परीक्षण में मृतिका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, गले पर खरोंच तथा त्वचा उखड़ने के चिन्ह स्पष्ट थे।
पुलिस जांच में यह भी उजागर हुआ कि आरोपी राहुल धोटे मृतिका से एकतरफा प्रेम करता था और घटना से दो दिन पूर्व उसने मृतिका के माता-पिता को धमकी दी थी कि यदि उसकी शादी उससे नहीं कराई गई तो वह उसे जान से मार देगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि
चिकित्सकीय रिपोर्ट में मृत्यु का कारण कंठिका अस्थि का टूटना, श्वास अवरोध (गला दबाना) एवं आंतरिक चोटों से उत्पन्न जटिलताएं बताया गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि युवती की मृत्यु स्वाभाविक नहीं बल्कि हत्या है।
आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल धोटे (उम्र 25 वर्ष) ने एकतरफा प्रेम में असफल होने के कारण हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक आबिद अंसारी (सीन ऑफ क्राइम), थाना प्रभारी उप निरीक्षक वहीद खान, सउनि दिलीप टांडेकर, आरक्षक हर्षवर्धन पवार, उमा जावलकर, अमित सहित सायबर सेल के आरक्षक राजेन्द्र धाडसे की भूमिका सराहनीय रही।
एसपी ने की टीम की प्रशंसा
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने अंधे हत्याकांड के त्वरित और सफल खुलासे पर पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए इसे अनुकरणीय कार्य बताया।
जनता से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की धमकी, संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

0 Comments