ऑपरेशन डिग्निटी के तहत बिछड़ी बुजुर्ग महिला को आरपीएफ ने परिजनों से मिलाया
बैतूल इरशाद खान
।बैतूल।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन डिग्निटी के तहत एक सराहनीय मानवीय कार्य करते हुए ट्रेन से बिछड़ी बुजुर्ग महिला यात्री को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
आज दिनांक 19 जनवरी 2026 को डीएससीआर नागपुर से प्राप्त रेल मदद संदर्भ क्रमांक 202611906795 के माध्यम से सूचना मिली कि ट्रेन नंबर 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस से एक बुजुर्ग महिला बैतूल स्टेशन पर उतर गई है और यात्रा के दौरान अपने परिवार से बिछड़ गई है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ बैतूल पोस्ट से एएसआई राकेश मिश्रा एवं महिला प्रधान आरक्षक फरहा खान द्वारा प्लेटफॉर्म क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर एक डरी-सहमी वृद्ध महिला बैठी मिली, जिसका मिलान रेल मदद से प्राप्त फोटो से करने पर वही महिला पाई गई।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम ऊषा बाई सिन्हा, पति रामलाल सिन्हा, उम्र 70 वर्ष, निवासी करवधा, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) बताया। उनके पास मोबाइल फोन नहीं था। महिला को समझाइश देकर सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट लाया गया और रेल मदद में दर्ज नंबर के माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क किया गया।
सूचना मिलने पर राजेंद्र शर्मा (उम्र 51 वर्ष), निवासी करवधा, जिला कबीरधाम, अपनी बेटी के साथ आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे लगभग 40 लोगों के साथ वृंदावन कथा श्रवण के लिए जा रहे थे। ऊषा बाई उनकी बड़ी मामी हैं, जो बिना बताए पानी और बिस्किट लेने के लिए ट्रेन से उतर गई थीं और ट्रेन छूट जाने से वापस नहीं चढ़ सकीं।
बुजुर्ग महिला द्वारा भी परिजनों की पहचान की पुष्टि किए जाने तथा आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापन के बाद आवश्यक कागजी कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया।
आरपीएफ की इस तत्परता और संवेदनशीलता की यात्रियों एवं परिजनों ने सराहना की।

0 Comments