24 घंटे में अंधे हत्याकांड का खुलासा

 24 घंटे में अंधे हत्याकांड का खुलासा



ग्राम वलनी में मिले क्षत-विक्षत अज्ञात शव की पहचान, आरोपी युवक गिरफ्तार

बैतूल। थाना मुलताई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वलनी में मिले क्षत-विक्षत अज्ञात शव के मामले में मुलताई पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर न सिर्फ शव की पहचान कर ली, बल्कि हत्या के आरोपी को भी गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।

पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मुलताई श्री शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश किया।


दिनांक 30 जनवरी 2026 को ग्राम वलनी में खेत में अज्ञात शव पड़े होने की सूचना पर थाना मुलताई पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। सूचना देने वाले गोमा उईके निवासी ग्राम वलनी ने बताया कि सुबह खेत में बैल लेकर जाते समय उन्होंने देखा कि कुछ कुत्ते किसी वस्तु को नोच रहे हैं। पास जाकर देखने पर दुर्गंध आई और अत्यधिक क्षत-विक्षत शव दिखाई दिया।

घटनास्थल को तत्काल सुरक्षित कर सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा सूक्ष्म निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए। मौके पर शव के पास कपड़ों के अवशेष मिलने से प्रथम दृष्टया शव महिला का प्रतीत हुआ।

शव की हुई शिनाख्त


मर्ग जांच के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, महिला गुमशुदगी प्रकरणों एवं उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर मृतिका की पहचान पूजा धुर्वे (23 वर्ष) निवासी ग्राम वलनी के रूप में की गई। मृतिका के माता-पिता द्वारा कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद शव को साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से जमीन में दबाया गया था, जिसे बाद में कुत्तों द्वारा नोच लिया गया।

आरोपी गिरफ्तार

परिजनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूजा धुर्वे का गांव के ही युवक प्रमोद उईके से संपर्क था और वह उसके थ्रेशर पर काम करने जाती थी। पूजा के लापता होने के दिन से ही प्रमोद उईके भी गांव से गायब था, जिससे संदेह गहराया।

कॉल डिटेल रिकॉर्ड एवं साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी प्रमोद उईके (26 वर्ष) निवासी ग्राम वलनी को ग्राम कुप्पा, चौकी पाढर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को 31 जनवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

अपराध पंजीयन

थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 77/26 धारा 103(1), 238(क) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट आबिद अंसारी, एसडीओपी एस.के. सिंह, साइबर सेल एवं पुलिस बल के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक बैतूल ने इस संवेदनशील एवं जघन्य अपराध का शीघ्र खुलासा करने पर पूरी टीम की प्रशंसा की है।

Post a Comment

0 Comments